हथियारों की सप्लाई आगे आपराधिक तत्वों को की जा रही थी: पुलिस कमिश्नर हरमनबीर गिल
रिपब्लिक भारत न्यूज़ 26-10-2026
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 आधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को दी।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के गांव नौशहरा ढाला निवासी अनमोल सिंह उर्फ मोहला (19) और गांव चेला निवासी हरदीप सिंह उर्फ शिव (18) के रूप में हुई है। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 16 पिस्तौल बरामद की हैं। इनमें तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक चीन निर्मित .30 बोर पिस्तौल, एक .30 बोर एक्स-शॉट पिस्तौल, एक .30 बोर पीएक्स-5 स्टॉर्म पिस्तौल, नौ .30 बोर पिस्तौल और एक देसी .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सात जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों का होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त कर लिया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे, जो उन्हें अवैध हथियारों की खेप उपलब्ध करवाने में मदद करता था। इन हथियारों की सप्लाई एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से आगे आपराधिक तत्वों को की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके और हथियारों की सप्लाई के स्रोतों तथा आगे के संपर्कों का पता लगाया जा सके।
पहली कार्रवाई का विवरण देते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि हथियारों की आवाजाही के संबंध में पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीमों ने थाना कैंटोनमेंट के क्षेत्र में एक्टिवा स्कूटर पर जा रहे एक नाबालिग को रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से छह पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
दूसरी कार्रवाई में थाना गेट हकीमा की पुलिस टीमों ने अनमोल सिंह उर्फ मोहला और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से .30 बोर की पांच पिस्तौल बरामद कीं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आगे की जांच और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनके एक अन्य साथी हरदीप सिंह उर्फ शिव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पांच और पिस्तौल बरामद की गईं। इस प्रकार दूसरी कार्रवाई में कुल 10 पिस्तौल बरामद हुईं।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला एफआईआर नंबर 196, दिनांक 17 अक्टूबर 2026, थाना कैंटोनमेंट में आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) के तहत दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरा मामला एफआईआर नंबर 315, दिनांक 21 अक्टूबर 2026, थाना गेट हकीमा में आर्म्स एक्ट की धारा 25(6), 25(7) और 25(8) के तहत दर्ज किया गया है।
