नौकरी के नाम पर 20 लाख की ठगी: बैंक चपरासी गिरफ्तार 

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 26-10-2026

सरकारी नौकरी दिलाने का झूठा भरोसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला हमीरपुर जिले के एक बैंक में चपरासी के पद पर कार्यरत है। उसके खिलाफ विभिन्न अदालतों से लगातार गैर जमानती वारंट जारी किए जा रहे थे, जिसके आधार पर पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला वर्ष 2025 का है, जब सदर थाना हमीरपुर में आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। शुरुआत में एक युवक ने महिला पर ठगी के गंभीर आरोप लगाए थे। जैसे ही इस मामले की जांच आगे बढ़ी, अन्य पीड़ितों ने भी आगे आकर पुलिस के सामने शिकायतें दर्ज कराईं। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने केवल हमीरपुर तक ही अपनी ठगी का दायरा सीमित नहीं रखा था, बल्कि उसने पालमपुर और रामपुर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को भी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इस तरह वह कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपये की रकम ऐंठ चुकी है।

जब पीड़ितों को लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली, तो उन्होंने महिला से अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। शुरुआत में आरोपी ने पीड़ितों को टालमटोल करना शुरू कर दिया। पीड़ितों की तरफ से पैसे लौटाने का दबाव अत्यधिक बढ़ गया, तो महिला ने उन्हें बैंक के चेक थमा दिए। हालांकि, जब पीड़ितों ने वे चेक अपने खातों में लगाने के लिए डाले, तो महिला के बैंक खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण सभी चेक बाउंस हो गए। इस प्रक्रिया से पीड़ितों को दोहरी मार पड़ी—एक तरफ नौकरी नहीं मिली, और दूसरी तरफ उनकी गाढ़ी कमाई भी फंस गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रामपुर, हमीरपुर और झंडूता की विभिन्न अदालतों ने आरोपी महिला के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे। जिसके चलते  हमीरपुर पुलिस ने सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसे पुलिस जांच में शामिल किया। एएसपी राजेश कुमार के अनुसार महिला को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ नौकरी के नाम पर ठगी करने का गंभीर आरोप है।  मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *