प्रदेश सरकार हिमाचल में पांच साल में खर्च करेगी 15 हजार करोड़ रुपये,हर जिले में बनेंगे हेलीपोर्ट 

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 25-10-2026

हिमाचल प्रदेश में सरकार अगले पांच वर्षों में 10 से 15 हजार करोड़ रुपये पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निवेश करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के पास नालदेहरा गोल्फ कोर्स में आयोजित दो दिवसीय कोटी गोल्फ कप-2026 के समापन समारोह में यह बात कही। सरकार का मुख्य ध्यान राज्य में बड़े और हाई-एंड पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ हवाई सेवाओं को बेहतर बनाने पर है।

दो दिनों तक चले इस गोल्फ टूर्नामेंट में 80 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और अपने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए बताया कि छात्र जीवन में वे अक्सर इस इलाके में आया करते थे।

राज्य में हवाई सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 35 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। सरकार की योजना प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट से जोड़ने की है, और शिमला से इनको जोड़ने वाली उड़ानें शुरू करने पर भी काम चल रहा है।

इसके अलावा, सैलानियों का सफर आसान बनाने के लिए सरकार हवाई कनेक्टिविटी पर सबसे ज्यादा जोर दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट बड़ा होने से यहां बड़े विमान उतर सकेंगे, जिससे सीधे तौर पर प्रदेश के पर्यटन को फायदा मिलेगा।

ईको-टूरिज्म और नालदेहरा गोल्फ कोर्स से बढ़ी कमाई

पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना पर्यटन को बढ़ाने के लिए सरकार ने प्रदेश में 60 ईको-टूरिज्म साइट्स को लीज पर दिया है। इस कदम से राज्य सरकार को अब तक 22 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

मुख्यमंत्री ने नालदेहरा गोल्फ कोर्स की खूबसूरती की तारीफ करते हुए इसके विकास का श्रेय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को दिया। इस मौके पर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि सरकार ने इस गोल्फ कोर्स को संवारने के लिए 1.82 करोड़ रुपये दिए हैं। अब इसे आम पर्यटकों के लिए भी खोल दिया गया है, जिससे यहां आने वाले सैलानियों की संख्या बढ़ी है और इसे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल रही है।

इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, महाधिवक्ता अनूप रतन, शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अलावा कोटी और नालदेहरा गोल्फ क्लब के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *