अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एनडीपीएस के 138 मामलों में बरामद नशीले पदार्थों को नियमानुसार किया नष्ट

हेरोइन, चरस और भुक्की सहित भारी मात्रा में नशीले पदार्थ खन्ना पेपर मिल के बॉयलर में डालकर किए गए नष्ट

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 28-10-2026

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 138 मामलों में बरामद किए गए नशीले पदार्थों को आज निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और नियमों के अनुसार नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देशों पर ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई।

इस कार्रवाई के दौरान प्रभजोत सिंह विर्क, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन, जयंत पुरी, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन तथा कपिल कौशल, एसीपी की निगरानी में विभिन्न मामलों में बरामद किए गए नशीले पदार्थों को अमृतसर स्थित खन्ना पेपर मिल के बॉयलर में डालकर नष्ट करवाया गया। नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में 18.499 किलोग्राम हेरोइन, 50.012 किलोग्राम चरस, 71.800 किलोग्राम भुक्की, 3.353 किलोग्राम नशीला पाउडर, 857 ग्राम स्मैक, 2.170 किलोग्राम गांजा और 198 ग्राम भांग शामिल हैं। इसके अलावा, 15,831 नशीले कैप्सूल, 3,955 नशीली गोलियां, 76 नशीले इंजेक्शन तथा खांसी के सिरप की 5 बोतलें/शीशियां भी नष्ट की गईं।

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा नशे से संबंधित मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई करने के साथ-साथ बरामद नशीले पदार्थों के निपटान के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।

कुमार सोनी, अमृतसर

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *