सिरमौर एसोसिएशन चंडीगढ़ द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन, 50 रक्तदाताओं ने किया महादान

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 29-10-2026

सिरमौर एसोसिएशन चंडीगढ़ (रजि.) द्वारा पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में पीजीआईएमईआर (PGIMER) चंडीगढ़ के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और समाजसेवा की उत्कृष्ट मिसाल पेश की।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष श्री फकीर चंद चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पंजाब विश्वविद्यालय परिसर छात्र परिषद (PUCSC) के अध्यक्ष श्री अंकित बिधान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रमेश देसाई ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रमेश देसाई ने युवा टीम, विभिन्न क्लबों, छात्र संगठनों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने इस पुनीत कार्य में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने वाले सभी युवाओं और स्वयंसेवकों की सराहना की।

उन्होंने पीजीआईएमईआर के ब्लड बैंक विभाग, विभागाध्यक्ष डॉ. आर. आर. शर्मा तथा डॉ. सुचेत सचदेवा, डॉ. एकता, डॉ. संचिता एवं समस्त नर्सिंग स्टाफ का विशेष धन्यवाद किया। शिविर के सफल आयोजन में उनके समर्पण, सहयोग और सेवाभाव की सराहना की गई।

मुख्य अतिथि श्री फकीर चंद चौहान ने अपने संबोधन में युवाओं, विशेषकर विद्यार्थियों को सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देना आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि श्री अंकित बिधान ने रक्तदान करने के लिए स्वेच्छा से आगे आए सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सिरमौर एसोसिएशन द्वारा की गई इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस आयोजन में एसोसिएशन की टीम ने अध्यक्ष श्री रमेश देसाई के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में महासचिव श्री गौरव रपटा, कोषाध्यक्ष श्री सतपाल चौहान, यूथ विंग प्रभारी श्री अभिषेक कंहल, श्री प्रियांशु सूर्या तथा गर्ल्स विंग की सदस्य सुश्री आस्था, सुश्री सृष्टि चौहान, सुश्री मोनिका, सुश्री वैशिष्ठा एवं सुश्री श्रुति सहित अन्य स्वयंसेवक शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष श्री मयंक शर्मा एवं श्री अभिषेक कंहल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री वीरेंद्र तोमर एवं श्री जे. पी. शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य श्री किरणेश ठाकुर तथा श्री आदित्य सैनी सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों के सहयोग की भी सराहना की गई।

रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को उनके अमूल्य योगदान के सम्मान में प्रमाणपत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। वहीं, शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पीजीआईएमईआर के स्टाफ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

यह रक्तदान शिविर सिरमौर एसोसिएशन चंडीगढ़ की मानवीय मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सेवा और युवा सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। एसोसिएशन ने इस आयोजन के माध्यम से समाज को रक्तदान के महत्व का संदेश देते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *