शिलाई ब्लाइंड मर्डर केस की 8 दिन बाद सुलझी गुत्थी,  रंजिश बनी हत्या का कारण; आरोपी गिरफ्तार

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 18-11-2026

हिमाचल  प्रदेश के  जिला सिरमौर के शिलाई में मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे खजान सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आठ दिन बाद कथित हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर HP71A-4396 पर चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहा था। इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही पल बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा खजान सिंह नीचे गिर गया।

रविंद्र सिंह जब घर पहुंचा तो उसने हेलमेट की जांच की। हेलमेट के पिछले हिस्से में छेद था और उसके अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली बरामद हुई। उसके सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गोली चलाकर हत्या करने का संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर और SDPO पांवटा साहिब ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण SFSL जुन्गा की विशेषज्ञ टीम से भी करवाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (SIT) गठित किया।

IT ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। आखिरकार पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए 18 नवंबर को विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिंबी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार आरोपी विनोद की बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने के कारण वह रंजिश रखता था। इसी बात को लेकर उसने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत खजान सिंह की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *