रिपब्लिक भारत न्यूज़ 19-11-2026
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों की सुविधा और दस्तावेजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। बोर्ड ने मार्च 2026 सत्र में आयोजित मैट्रिक और जमा दो की परीक्षाओं के प्रमाण-पत्रों का QR कोड और ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन शुरू कर दिया है। इस नई व्यवस्था से अब छात्रों को अपने प्रमाण-पत्रों की जांच (वेरिफिकेशन) करवाने के लिए बोर्ड कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।


बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस नई ऑनलाइन सुविधा के दायरे में मार्च 2026 सत्र के मैट्रिक और जमा दो के नियमित परीक्षार्थियों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (SOS) के विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है। पात्र विद्यार्थी बोर्ड द्वारा निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं और घर बैठे अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का सत्यापन करवा सकते हैं।
डॉ. शर्मा ने तकनीक की विशेषता बताते हुए कहा कि इस सत्यापन प्रक्रिया में ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है, जो प्रमाण-पत्रों की प्रामाणिकता और विश्वसनीयता को पुख्ता करेगी। वहीं, प्रमाण-पत्र पर अंकित QR कोड को स्कैन करके उससे जुड़ी सभी जानकारियों का तुरंत डिजिटल सत्यापन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक तकनीक प्रमाण-पत्रों के साथ होने वाली किसी भी तरह की छेड़छाड़ या फर्जीवाड़े की संभावना को पूरी तरह खत्म करेगी और सत्यता की जांच को अधिक सुरक्षित व पारदर्शी बनाएगी।
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान दौर में उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिले, सरकारी और गैर-सरकारी विभागों में नौकरियों तथा अन्य संस्थाओं में शैक्षणिक दस्तावेजों के सत्यापन की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में QR कोड और ब्लॉकचेन आधारित यह ऑनलाइन प्रणाली न केवल विद्यार्थियों का समय और पैसा बचाएगी, बल्कि दस्तावेजों की जांच करने वाली संस्थाओं के लिए भी प्रक्रिया को बेहद सरल और त्वरित बनाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड भविष्य में भी विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करवाने और कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी व समयबद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।


