रिपब्लिक भारत न्यूज़ 22-08-2024
हिमाचल प्रदेश के पुलिस कर्मचारियों ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक खुला पत्र लिखकर एचआरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा की मांग को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। पत्र में कहा गया है कि पुलिस कर्मचारी मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं चाहते हैं, बल्कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं।
पत्र में यह भी कहा गया है कि पुलिस कर्मचारियों की पीड़ा को शब्दों में बयान करना मुश्किल है, क्योंकि कई मुद्दों पर सरकार के हाथ बंधे हुए हैं और पुलिस कर्मचारी चुपचाप सब कुछ सहन करने के लिए मजबूर हैं।
पुलिस कर्मचारियों ने सीएम को लिखे पत्र में अपने अधिकारों के हनन की शिकायत की है। उन्होंने लिखा है कि प्रदेश में अन्य विभागों के कर्मचारी 3 साल में नियमित हो जाते हैं, लेकिन पुलिस कर्मचारियों को 8 साल लग जाते हैं।
इसके अलावा, सभी कर्मचारी 8 घंटे ड्यूटी करते हैं और सार्वजनिक अवकाश काटते हैं, जबकि पुलिस कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी करते हैं और सार्वजनिक अवकाश तो छोड़ो, 12 दिन का आकस्मिक अवकाश भी साल भर में नहीं काट पाते। कोई भी कार्यक्रम हो, छुट्टियां बंद होने के आदेश जारी हो जाते हैं। यह अन्यायपूर्ण व्यवहार पुलिस कर्मचारियों के साथ किया जा रहा है।