रिपब्लिक भारत न्यूज़ 15-09-2025
शिमला जिला के कोटखाई क्षेत्र में एक दर्दनाक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे में 5 लोगों की मौत की सूचना है। जानकारी के मुताबिक कोटखाई रामनगर के खोला कैंची के पास एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 2 गंभीर घायल हैं।
मृतकों में तीन नेपाली मूल के व्यक्ति शामिल हैं। एक मृतक की पहचान जोगिंदर सिंह पुत्र बालक राम निवासी खोला गांव के रूप में हुई है। हादसे के दौरान गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने घायल व्यक्तियों को उत्कृष्ट चिकित्सा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
सीएम ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।