रिपब्लिक भारत न्यूज़ 02-10-2026
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश स्कूल गेम्स में शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर विद्यालय लौटे खिलाड़ियों का शुक्रवार को स्कूल पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

इस अवसर पर खिलाड़ियों ने अपनी विजेता ट्रॉफियां विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी को सौंपी। विद्यालय प्रशासन, स्टाफ तथा विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया और उनकी उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त की।
विद्यालय की खेल उपलब्धियों की जानकारी देते हुए स्टाफ सचिव शशि बाला ने बताया कि विद्यालय के खिलाड़ियों ने हैंडबॉल, टेबल टेनिस, योग, जूडो, कुश्ती तथा रग्बी सहित विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है।

अंडर-19 में शानदार प्रदर्शन
अंडर-19 लड़कियों की जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिरमौर जिला विजेता का खिताब अपने नाम किया। टीम ने विभिन्न मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब हासिल किया।
वहीं अंडर-19 लड़कों की टीम ने हैंडबॉल में जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा रग्बी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की।
अंडर-14 में भी खिलाड़ियों का दबदबा
अंडर-14 वर्ग में विद्यालय की लड़कियों ने टेबल टेनिस में जिला विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि हैंडबॉल में तृतीय स्थान प्राप्त किया। लड़कों की टीम ने भी हैंडबॉल में तृतीय स्थान तथा टेबल टेनिस में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
जूडो और कुश्ती में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
योग में भी शानदार उपलब्धि
अंडर-19 योग प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने चार अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक हासिल किए। इस प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की योग टीम ने जिला स्तर पर उपविजेता ट्रॉफी प्राप्त की।
खेलो इंडिया अस्मिता लीग में भी चमके खिलाड़ी
विद्यालय के खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया अस्मिता लीग में भी शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-15 और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रथम व सेकंड स्थान प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रभारी को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से खिलाड़ी और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के रघुवीर तोमर, शशि गुप्ता, उर्मिला शर्मा, किरण कपूर, किरण चौहान, ज्योति कुमारी, ओम प्रकाश, राकेश, बलदेव, असलम, जयदीप, सुमन और गुमान सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे और खिलाड़ियों को बधाई दी।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह तथा सदस्यों मुल्क राज, राजकुमार, सुमन देवी, सरबजीत कौर, मीरा देवी और पवन कुमार सहित पंचायत एवं बीडीसी सदस्यों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस सफलता को ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया और भविष्य में भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
