रिपब्लिक भारत न्यूज़ 22-11-2926
RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (HPCED), उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी, पांवटा साहिब द्वारा प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कानम में आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) का सफलतापूर्वक समापन हुआ।



कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता, बिजनेस मॉडल कैनवास (BMC), व्यवसाय योजना निर्माण एवं स्वरोजगार के विभिन्न पहलुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। श्री हर्ष कुमार, प्रोजेक्ट हेड, द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी ने BMC के माध्यम से व्यवसायिक विचारों को एक सफल उद्यम में परिवर्तित करने की प्रक्रिया समझाई।

इसके अतिरिक्त, श्री शिशुपाल चौहान, असिस्टेंट मैनेजर, द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी ने डिजिटल मार्केटिंग सत्र के माध्यम से सोशल मीडिया, ऑनलाइन ब्रांडिंग एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म द्वारा उत्पादों और सेवाओं के प्रचार-प्रसार की जानकारी दी। वहीं, सुश्री अनीता नेगी, असिस्टेंट मैनेजर, यूको बैंक, स्पीलो ने वित्तीय साक्षरता (Financial Literacy) पर विशेष सत्र आयोजित कर बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय प्रबंधन, ऋण एवं उद्यमों के लिए उपलब्ध बैंकिंग सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बुनकर कार्ड बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई तथा इच्छुक प्रतिभागियों के उद्यम रजिस्ट्रेशन (Udyam Registration) के लिए आवेदन करवाए गए। विद्यार्थियों एवं स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं ने अपने व्यावसायिक विचार भी प्रस्तुत किए, जिन्हें आगे विकसित करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिवस 60 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें विद्यार्थी, विद्यालय स्टाफ, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिला सदस्य शामिल रहीं। तीन दिवसीय कार्यक्रम में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
इस अवसर पर श्री सोनम रिंगचेंग, प्रधानाचार्य, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कानम; श्री राज सुधरशन, एग्जीक्यूटिव, उद्योग विभाग; ग्राम पंचायत के उपप्रधान, वार्ड सदस्य एवं BDC सदस्य; श्री हर्ष कुमार, प्रोजेक्ट हेड; श्री शिशुपाल चौहान, असिस्टेंट मैनेजर, द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विद्यालय स्टाफ एवं SHG सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना, स्थानीय संसाधनों पर आधारित व्यावसायिक अवसरों को विकसित करना तथा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।


