रिपब्लिक भारत न्यूज़ 10-12-2025
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 235 टीजीटी और प्रमोटी प्रवक्ताओं को पदोन्नत कर हेडमास्टर बना दिया है। इस संबंध में बुधवार को स्कूल शिक्षा निदेशालय ने अधिसूचना जारी की। पदोन्नत हेडमास्टरों को नए स्कूलों में नियुक्ति दी गई है। विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिश पर 26 अप्रैल 2010 से पहले बिना किसी ऑप्शन के प्रमोट हुए टीजीटी और प्रमोटी प्रवक्ताओं को हेडमास्टर बनाया गया है। इन्होंने हेडमास्टर के पद पर प्रमोशन का विकल्प चुना था। विशेष कारण पर ही पदोन्नति छोड़ने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे मामलों में आगामी एक साल तक पदोन्नति पर रोक रहेगी। सेवा विवरण की भी दोबारा जांच होगी। चूक पर राहत नहीं मिलेगी।
सुनिश्चित किया जाए कि पदोन्नत हेड मास्टर एक्स-सर्विसमैन कोटे में भर्ती न हुआ हो और न ही उसने पहले प्रवक्ता/पीजीटी पद के लिए विकल्प दिया हो। कोई भी हेडमास्टर जो 26 अप्रैल 2010 के बाद प्रवक्ता/पीजीटी बना है, उसे रिलीव न किया जाए। इसी तरह टीजीटी से कोर्ट आदेशों के तहत 1 सितंबर 2010 के बाद विकल्प शर्त सहित बने प्रवक्ताओं को भी राहत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों के खिलाफ विभागीय या सतर्कता जांच लंबित न हो, यह भी अनिवार्य शर्त रखी गई है। शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि जनहित में कोई भी पदोन्नति छोड़ने का अधिकार नहीं रखता। यदि कोई पदोन्नति छोड़ने की अर्जी देता है तो कारण सही पाए जाने पर ही उसे अनुमति मिलेगी।

