दर्दनाक सड़क हादसा: सिरमौर के संगड़ाह में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत, दो घायल

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 06-02-2026

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह में वीरवार शाम एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। डेबरघाट से वापस लौट रही एक कार (HP-79-2810) सत्यायी नाला के पास अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में लाना पालर निवासी 31 वर्षीय युवक अभिमन्यु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीती शाम करीब 7:45 बजे हुआ। कार में सवार तीनों युवक अभिमन्यु, अशोक और संजय कुमार डेबरघाट से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सत्यायी नाला के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार गहरी खाई में जा समाई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) संगड़ाह पहुँचाया गया।

अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने अभिमन्यु (पुत्र सुन्दर सिंह) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अशोक (28 वर्ष) की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया है। तीसरे घायल संजय कुमार (35 वर्ष) का उपचार संगड़ाह में ही चल रहा है। इस हादसे ने पूरे लाना पालर गांव में शोक की लहर दौड़ दी है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125A और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या मानवीय लापरवाही से।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *