पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ की पहली महिला कुलपति (वाइस चांसलर) प्रोफेसर (डॉ.) रेनू विग का मिलेगा विशेष सानिध्य
रिपब्लिक भारत न्यूज़ 16-02-2026
हिमाचल प्रदेश जिला सिरमौर के सतौन में शिक्षा में उत्कृष्टता को प्रोत्साहन देने के लिए प्रयास फाउंडेशन एक नया प्रयास करने जा रहा है। जिसके तहत प्रयास फाउंडेशन मेधावी विद्यार्थियों के लिए सतौन से चंडीगढ़ का 17-18 फरवरी 2026 को दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने जा रहा है। इसकी जानकारी फाउंडेशन के संयोजक दिनेश सिंह चौहान ने सांझा की।
उन्होंने बताया की शिक्षा में उत्कृष्टता को प्रोत्साहन देने के लिए प्रयास फाउंडेशन नया प्रयास करने जा रहा है। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में यादगार और ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित कर उनके मानसिक विकास के साथ – साथ अवलोकन शक्ति, नया सोच – विचार, करियर गाइडेंस, नवाचार, हल खोजना, रचनात्मकता और व्यावहारिक रूप से अपनी सोच, समझ के साथ साथ मानसिक दक्षता बढ़ाना है। यह भ्रमण टीम वर्क और कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करता है।
इस दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण यात्रा में लगभग 50 लोग शामिल रहेंगे।
संनद रहे कि यह शैक्षणिक भ्रमण यात्रा दिनांक 17 फरवरी 2026 को प्रात: 9 बजे पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सतौन से प्रारंभ होगी। जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विभागों में सेवारत आदर्श और प्रतिभावान अधिकारी, प्रतिष्ठित समाजसेवी, युवा आइकन्स तथा गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। श्री 108 पूर्णानंद महाराज धोलीढांग (गुरसा) से श्री श्यामानंद महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहकर यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
ज्ञात रहे की शैक्षणिक भ्रमण यात्रा में शामिल विधार्थी पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ की पहली महिला कुलपति (वाइस चांसलर) प्रोफेसर (डॉ.) रेनू विग का विशेष सानिध्य प्राप्त करेंगे। संयोजक दिनेश सिंह चौहान ने बात की पुष्टि करते हुए बताया की परिसर में कुलपति के साथ अन्य प्रोफेसर भी शामिल रहेंगे। मेधावी विद्यार्थियों को चाय पर चर्चा परिचर्चा के दौरान सवाल जवाब का भी भरपूर अवसर प्राप्त होगा। जिससे विधार्थी लाभांवित होंगे। यह एक्सपोजर विजिट एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्रशिक्षण पद्धति है क्योंकि यह विभिन्न परिवेशों से आए विद्यार्थियों को एक-दूसरे के साथ बातचीत करने और सीखने में सक्षम बनाती है, जिससे उन्हें उक्त क्षेत्र में टिकाऊ प्रथाओं के सफल एकीकरण की व्यावहारिक व वास्तविक जीवन स्थितियों को देखने का अवसर प्राप्त होता है।

