रिपब्लिक भारत न्यूज़ 29-03-2026
सिरमौर जिला के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बांदल-सुराख सड़क पर रविवार दोपहर एक खौफनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ क्यार के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार दो व्यक्तियों की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, कार सवार जब क्यार के पास पहुंचे, तो चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे लुढ़कती हुई गहरी खाई में जा गिरी । हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान अनिल कुमार (36) पुत्र बलबीर सिंह, निवासी खालाक्यार और गुमान सिंह (48 )पुत्र अमर सिंह, निवासी धार टारन के रूप में हुई है। अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गुमान सिंह ने नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर, योगेश रोल्टा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह चालक का वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। एएसपी ने कहा कि पुलिस टीम पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
