हड़ताल: ऑनलाइन दवाओं के विरोध में उतरे देश के 15 लाख केमिस्ट, दवाइयों के लिए तरसे मरीज

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 20-05-2026

आज देश भर के 15 लाख से अधिक केमिस्ट और ड्रगिस्ट  ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के खिलाफ  हड़ताल पर चले गए हैं। इस देशव्यापी हड़ताल का सीधा  असर ज़िला सिरमौर में भी देखने को मिला है। मेडिकल स्टोर बंद होने की वजह से अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों और उनके तीमारदारों (परिजनों) को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दवाइयों के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

ज़िला सिरमौर के सुदूर और बेहद पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों से भारी उम्मीद लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचे मरीजों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनकी जांच तो कर दी और जरूरी दवाइयां भी लिख दीं, लेकिन जब वे दवाई लेने बाज़ार पहुंचे तो सभी मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद मिले। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर दवा न मिलने से उनकी परेशानी और अधिक बढ़ गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों से आए तीमारदारों का कहना है कि  उन्हें उम्मीद थी कि मेडिकल कॉलेज में बेहतर इलाज के साथ दवाइयां मिल जाएंगी, लेकिन केमिस्टों की इस अचानक हड़ताल ने उनकी मुसीबत दोगुनी कर दी है। कई तीमारदारों ने बेबसी ज़ाहिर करते हुए सरकार से मांग की है कि इस समस्या का जल्द से जल्द कोई उचित समाधान निकाला जाए ताकि गरीब और आम जनता को इस तरह की भारी असुविधा से तुरंत राहत मिल सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *