रिपब्लिक भारत न्यूज़ 06-08-2026
सिरमौर जिला की कालाअंब पुलिस ने कालाआम्ब थाना क्षेत्र से अपने 6 वर्ष के मासूम बच्चे के साथ संदिग्ध हालात में लापता हुई महिला को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सुरक्षित खोज निकाला है। बरामदगी के पश्चात पुलिस ने दोनों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया है।
यह पूरा मामला 13 जुलाई को शुरू हुआ था, जब कालाअंब निवासी बबलू ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी पत्नी अपने 6 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के साथ अचानक घर से कहीं गायब हो गई है। पति की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कालाआम्ब पुलिस ने बिना समय गंवाए मामला पंजीकृत किया और तलाश शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिरमौर पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया। सुराग जुटाते हुए पुलिस को जानकारी मिली कि महिला की लोकेशन उत्तर प्रदेश के लखनऊ में है। इसके बाद सिरमौर पुलिस की एक विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क साधा और संयुक्त कार्रवाई करते हुए 6 अगस्त को महिला और उसके 6 साल के बेटे को लखनऊ से सकुशल बरामद कर लिया।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी व्यक्ति या बच्चे के लापता होने पर तुरंत निकटतम थाने में सूचना दर्ज कराएं। समय रहते दी गई जानकारी पुलिस की तलाश प्रक्रिया को सुगम और त्वरित बनाती है, जिससे ऐसे मामलों में अपनों को सुरक्षित वापस पाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
