कालाअंब में बरसाती नाले में डूबने से 12 साल के मासूम बच्चे की मौत

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 11-08-2026

सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के रामपुर जट्टान में  एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां एक बरसाती नाले में  12 वर्षीय मासूम अमरजीत गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और NDRF की टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक खोज अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और NDRF की टीम ने बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ रामपुर जट्टान में रहते हैं। मंगलवार को सुबह उनका 12 वर्षीय बेटा अमरजीत कुमार अपने एक अन्य साथी के साथ घर के समीप स्थित बरसाती नाले के पास गया था।

बताया जा रहा है कि नाले में नहाते समय अमरजीत की चप्पल नाले में छूट गई । जब वह अपनी चप्पल को पानी से बाहर निकालने का प्रयास कर रहा था, उसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव तथा गहरे पानी की चपेट में आ गया। साथी बच्चे को डूबता देख दूसरे बच्चे ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर एकत्र हुए।

घटना की सूचना तुरंत कालाअंब पुलिस को दी गई।   NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और NDRF के जवानों ने नाले के तेज बहाव के बीच जोखिम उठाते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और पानी के भीतर की गई सघन तलाश के बाद आखिरकार टीम ने अमरजीत के शव को नाले से बाहर निकाला। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी।

शव बरामद होते ही मासूम अमरजीत के परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले  कार्रवाई शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *