रिपब्लिक भारत न्यूज़ 17-08-2026
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक एसडीओ को सस्पेंड किय़ा गया है। आरोप है कि आरोपी एसडीओ शमशेर सिंह डेपुटेशन पर तैनात थे और ज्वालामुखी शक्तिपीठ में टेंट, फूल और अन्य व्यवस्थाओं के कार्यों के लिए ठेकेदारों से कमीशन मांग रहा था ।

डॉ. संजीव शर्मा एसडीएम ज्वालामुखी ने बताया कि इस संबंध में एक पीड़ित व्यक्ति ने उनके समक्ष लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मंदिरों में टेंट, फूल आदि लगाने के कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारी की ओर से ठेकेदारों से रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच करवाई गई। एसडीएम ने बताया कि एसडीओ शमशेर सिंह डेपूटेशन पर तैनात थे और शिकायकर्ता ने उन्हें यूपीआई ट्रांजेक्शन भी दिखाई थी।
जांच के दौरान लगाए गए आरोपों को गंभीर मानते हुए एसडीएम ज्वालामुखी ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश जिलाधीश कांगड़ा से की थी। एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय स्तर पर आगामी कार्रवाई जारी है।
