रिपब्लिक भारत न्यूज़ 26-08-2026
पारस पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और सामाजिक कुरीतियों के प्रति सजग करने के उद्देश्य से एचआईवी/एड्स एवं नशा मुक्ति पर एक विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में विद्यालय के कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


शिविर में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब की काउंसलर मोनिका चौहान ने विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी कि एचआईवी (HIV) कैसे होता है, इसके मुख्य कारण क्या हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है। उन्होंने एचआईवी से जुड़े भ्रम और भ्रांतियों को दूर करते हुए बचाव के प्रभावी उपाय बताए।

साथ ही, उन्होंने नशे के गंभीर दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को हर प्रकार के नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। वहीं श्रद्धा एनजीओ की आउटरीच वर्कर रिजवाना ने विद्यार्थियों को मानसिक मजबूती और सही मार्गदर्शन के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने बिना किसी झिझक के अपनी शंकाएं रखीं और विशेषज्ञों से खुलकर सवाल पूछे।

इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य श्री मनोज वर्मा ने भी बच्चों को जागरूक किया और सही राह चुनने की सीख दी। अंत में, उन्होंने अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि बच्चों को लगातार सही जानकारी और मार्गदर्शन मिलता रहे।
