स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे JE को महिला ने जड़ा थप्पड़, मामला दर्ज

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 01-09-2026

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई है। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत आने वाले उझाण गांव में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच  बहसबाजी हो गया। इस बहसबाजी के दौरान एक महिला ने बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता को थप्पड़ जड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक बिजली बोर्ड के लंबलू सेक्शन में तैनात कनिष्ठ अभियंता सनी चंदेल अपने तकनीकी कर्मचारियों के साथ उझाण गांव में नए स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई कर रहे थे। उसी दौरान स्थानीय निवासी सरवन, प्रकाशो देवी तथा अन्य लोग मौके पर पहुंचे और स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते ग्रामीणों और बिजली कर्मियों के बीच तीखी कहा सुनी शुरू हो गई। बिजली कर्मचारियों का आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने उनके साथ बदतमीजी की और गाली-गलौज करते हुए धमकियां भी दीं।

कनिष्ठ अभियंता सनी चंदेल द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि विवाद के दौरान आरोपी महिला प्रकाशो देवी ने अचानक उन पर हमला कर दिया और थप्पड़ मार दिए। सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट के बाद JE ने तुरंत पुलिस थाना हमीरपुर पहुंचकर आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई।

कनिष्ठ अभियंता की शिकायत के आधार पर   हमीरपुर पुलिस ने  संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *