रिपब्लिक भारत न्यूज़ 16-11-2026
हिमाचल प्रदेश में सहायक स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि भर्ती नीति के तहत नियुक्त होने वाली नर्सों को पांच साल तक अस्थायी रूप से सेवाएं देनी होंगी। इतना ही नहीं, पांच साल की अवधि पूरी होने के बाद उन्हें नियमित करने का कोई प्रावधान भी मौजूदा नीति में शामिल नहीं किया गया है।


विधानसभा में भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के सवाल के लिखित जवाब में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने यह जानकारी दी कि पिछले तीन वर्षों में एक नवंबर 2026 तक राज्य चयन आयोग के माध्यम से 117 अभ्यर्थियों को सहायक स्टाफ नर्स के पदों पर नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
सरकार के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने छह नवंबर 2025 को सहायक स्टाफ नर्सों की भर्ती नीति अधिसूचित की थी। इसी नीति के तहत पांच वर्ष के लिए अस्थायी नियुक्तियां करने का प्रावधान रखा गया है। विभाग ने यह भी साफ किया है कि निर्धारित अवधि पूरी होने पर सेवाओं को नियमित करने का कोई प्रावधान नहीं है।
सहायक स्टाफ नर्सों की अस्थायी नियुक्तियों को लेकर मामला हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है। इस संबंध में सीडब्ल्यूपी संख्या 16335/26 अदालत में विचाराधीन है। इसके अलावा अलग-अलग भर्ती नीतियों से जुड़ी सीडब्ल्यूपी संख्या 7474/22 भी लंबित है, जिसमें सहायक स्टाफ नर्सों की भर्ती नीति का विषय शामिल है।
