पेंशनरों के आंदोलन को मिला बीजेपी का साथ,  प्रदेश  सरकार पर जमकर बरसे  नंदा

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 16-11-2026

शिमला के सीटीओ चौक पर  बीजेपी के प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने धरने पर बैठे ‘हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति’ के सदस्यों से मुलाकात की और उनकी मांगों का पुरजोर समर्थन किया। धरनास्थल पर पेंशनरों की समस्याएं सुनने के बाद नंदा ने भरोसा दिलाया किबीजेपी उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।

कर्ण नंदा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने जीवन के 30 से 35 वर्ष हिमाचल के विकास और जनसेवा में समर्पित किए, आज उन्हीं वरिष्ठ नागरिकों को अपने हक के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह घटना सीधे तौर पर प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता और उदासीनता को दर्शाती है।

नंदा ने कहा कि सरकार को पेंशनरों की लंबित महंगाई राहत,  चिकित्सा बिलों के भुगतान और अन्य वित्तीय देनदारियों को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं है, बल्कि कर्मचारियों की वर्षों की कड़ी मेहनत से अर्जित उनका संवैधानिक अधिकार है। सेवानिवृत्ति के बाद वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान देना सरकार का नैतिक दायित्व है।

बीजेपी नेता ने कहा कि जिस उम्र में बुजुर्ग पेंशनरों को अपने परिवार के साथ सम्मानपूर्वक जीवन बिताना चाहिए, उस उम्र में सरकारी अनदेखी के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ रहा है। उन्होंने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि वे पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल वार्ता करें और उनकी मांगों के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें।

नंदा ने कहा कि सरकार को केवल कोरी घोषणाओं और आश्वासनों तक सीमित न रहकर बुजुर्गों की चिकित्सा व आर्थिक समस्याओं का व्यावहारिक हल निकालना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सरकार पेंशनरों के धैर्य की परीक्षा न ले और अविलंब उनकी लंबित मांगों को पूरा करे, अन्यथा भाजपा हर उचित मंच पर उनकी आवाज को बुलंद करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *