रिपब्लिक भारत न्यूज़ 16-11-2026
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के अंतर्गत घुमारवीं में सीर खड्ड पुल से छलांग लगाने वाली दूसरी नाबालिग छात्रा का शव भी सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया है। मृतक दोनों छात्राएं बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं।


जानकारी के मुताबिक , रविवार शाम दोनों नाबालिग छात्राओं ने घुमारवीं स्थित सीर खड्ड पुल से नीचे छलांग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और खड्ड में रेस्क्यू एवं सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद रविवार शाम को एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया था, लेकिन दूसरी छात्रा का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
खड्ड में अंधेरा घिर आने और पानी अत्यधिक ठंडा होने के कारण बचाव दल को तलाश अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद स्थानीय लोग और पुलिस देर रात तक दूसरी छात्रा की खोजबीन में जुटे रहे। सोमवार सुबह जब दोबारा तलाश अभियान शुरू किया गया, तो दूसरी लापता छात्रा का शव भी खड्ड से बरामद कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह जिस दूसरी छात्रा का शव मिला है, वह एक प्रवासी परिवार से संबंध रखती थी। दोनों मासूम छात्राओं के शव बरामद होने के बाद उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे बरमाणा व घुमारवीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
