बड़ा प्रशासनिक फेरबदल:हिमाचल में  7 HPAS अधिकारियों के तबादले, पुलिस विभाग में भी बदलाव 

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 16-11-2026

हिमाचल प्रदेश  सरकार ने सात HPAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी दो अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

कार्मिक विभाग की ओर से 14 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इस फेरबदल के तहत सचिवालय से लेकर जिला स्तर तक कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इन सात HPAS अधिकारियों की बदली तैनाती

सरकार के आदेशों के मुताबिक सिद्धार्थ आचार्य (HPAS 2013) को भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, राजिंदर कुमार गौतम (HPAS 2022) को सचिवालय प्रशासन विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों अधिकारी इससे पहले तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे थे।

ज्वालामुखी में एसडीओ (सिविल) के पद पर सेवाएं दे रहे संजीव ठाकुर (HPAS 2022) को धर्मशाला में जिला पर्यटन विकास अधिकारी, कांगड़ा लगाया गया है। वह विनय धीमान का स्थान लेंगे। उन्हें आगे की तैनाती के लिए कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

इसी तरह मंडी जिले के बालीचौकी में एसडीओ (सिविल) रहे बचित्तर सिंह (HPAS 2023) को अब ज्वालामुखी में एसडीओ (सिविल) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन अधिकारियों को मिला अतिरिक्त कार्यभार

घुमारवीं, जिला बिलासपुर में सहायक आयुक्त (राजस्व)-कम-तहसीलदार के पद पर तैनात बबीता धीमान (HPAS 2023) को कुल्लू में सहायक आयुक्त का दायित्व दिया गया है। इस नियुक्ति के बाद रोहित शर्मा (HPAS 2019) इस अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त होंगे।

हमीरपुर में सहायक आयुक्त (विकास)-कम-ब्लॉक विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत रजत चौधरी (HPAS 2025) को भोरंज में भी इसी पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं, कुलवंत सिंह (HPAS 2026), जो नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे, को शिमला जिले के कुपवी में एसडीओ (सिविल) लगाया गया है। उनकी तैनाती से चौपाल में एसडीओ (सिविल) के पद पर कार्यरत हेम चंद वर्मा इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त होंगे।

पुलिस विभाग में भी दो अधिकारियों के आदेश

प्रशासनिक फेरबदल के साथ पुलिस विभाग में भी बदलाव किया गया है। HPPS अधिकारी मदन लाल-II (2006 बैच), जो पुलिस मुख्यालय शिमला में तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे थे, उन्हें प्रथम भारतीय रिजर्व बटालियन (1st IRBn), बंगढ़, जिला ऊना का कमांडेंट नियुक्त किया गया है।

दूसरी ओर IPS अधिकारी डॉ. आकृति (2016 बैच), जो बंगढ़ स्थित प्रथम भारतीय रिजर्व बटालियन की कमांडेंट थीं, उन्हें पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। उनकी अगली तैनाती को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।

 HPAS अधिकारियों से संबंधित अधिसूचना मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के आदेशों से जारी की गई है। इस पर कार्मिक विभाग के विशेष सचिव राजीव कुमार के हस्ताक्षर हैं। संबंधित विभागों और अधिकारियों को आदेशों के अनुरूप आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *