मारकंडा नदी किनारे मिला ददाहू क्षेत्र से लापता व्यक्ति का शव , जांच में जुटी पुलिस

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 17-11-2026

सिरमौर जिला के काला आंब थाना क्षेत्र के तहत आने वाले ओगली में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां मारकंडा नदी के किनारे एक पेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त दलीप सिंह (35 वर्ष) पुत्र मेहर सिंह, निवासी गांव कांडो हरियास (डाकघर भाटगढ़, तहसील ददाहू) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार  आज सुबह स्थानीय पुलिस टीम एक अन्य लापता महिला की तलाश में ओगली के पास मारकंडा नदी किनारे पहुंची थी। खोजबीन के दौरान अचानक पुलिस की नजर एक पेड़ पर पड़ी, जहां जंगली बेल के फंदे से एक व्यक्ति का शव लटक रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

शव की पहचान  मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासी भाग सिंह और यशपाल (निवासी कांडो हरियास) ने अपने गांव के ही दलीप सिंह के रूप में की। इसके बाद घटना की जानकारी मृतक के चचेरे भाई इंद्र सिंह को दी गई। परिजनों के अनुसार, दलीप सिंह बीते 11 नवंबर को घर से दीपावली देखने के लिए चाड़ना गए थे, लेकिन उसके बाद से वे वापस नहीं लौटे थे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना लग रहा था। हालांकि, शरीर पर बाहर से किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं और मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद नहीं हुआ है।

मामले की पुष्टि करते हुएएएसपी नरेंदर सिंह ने  बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि नाहन अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बीएनएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एसएफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *