एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल का सुंदरनगर पहुंचने पर जोरदार स्वागत

सुंदरनगर में दिखी संगठनात्मक एकजुटता, NSUI प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल का सम्मान समारोह आयोजित

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 17-11-2026

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई हिमाचल प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल के स्वागत एवं सम्मान में आज मंगलवार को सुंदरनगर स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनएसयूआई जिला मंडी की जिला स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण आर्य, ब्लॉक कांग्रेस सुंदरनगर के अध्यक्ष जसवंत सिंह तथा नाचन ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष दीप शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त राजीव गांधी पंचायती राज संगठन से ओम प्रकाश, सोम कुमार, सत्य प्रकाश शर्मा, हेमंत शर्मा एवं संत राम, युवा कांग्रेस से अरुण चौहान एवं मुकुल शर्मा, ब्लॉक सोशल मीडिया अध्यक्ष राहुल कपूर तथा NSUI जिला मंडी की अध्यक्ष सुश्री रितिका सहित एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन एवं महिला कांग्रेस की ओर से नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल को सम्मानित किया गया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित जिला स्तरीय बैठक में संगठन की मजबूती, छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों, प्रदेश के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में एनएसयूआई की सक्रियता तथा संगठन की आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी हिमाचल प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रदेश सरकार द्वारा हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है तथा हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में सम्मानजनक रोजगार मिले और उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन न करना पड़े।

अनित जसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं। किशाऊ बांध परियोजना, जेएसडब्लू से जुड़े विषयों तथा बीबीएमबी में हिमाचल प्रदेश के अधिकारों और हिस्सेदारी जैसे महत्वपूर्ण मामलों को प्रदेश सरकार लगातार प्राथमिकता के साथ उठा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के संसाधनों और अधिकारों की रक्षा करना प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता है और प्रदेश के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एनएसयूआई केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और युवाओं के भविष्य की लड़ाई लड़ने वाला संगठन है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता छात्रहित के मुद्दों को लेकर पूरी मजबूती से अपनी आवाज बुलंद करेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को प्रदेश के प्रत्येक महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय तक मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं और विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, युवाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों और हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाने में युवा एवं छात्र संगठन अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यों को जनता के बीच लेकर जाने तथा मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस सरकार को पुनः सत्ता में लाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने तथा विद्यार्थियों के हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *