रिपब्लिक भारत न्यूज़ 28-11-2026
विधायक अजय सोलंकी ने आज सिरमौर जिला के मिश्रवाला में आयोजित किए जा रहे ‘आलमी इस्तेमा’ धार्मिक सम्मेलन में शिरकत की। उन्होंने बीते कल से शुरू हुए इस विशाल धार्मिक आयोजन में आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की भूरी-भूरी सराहना की।


विधायक अजय सोलंकी ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की असली पहचान और ताकत इसकी ‘अनेकता में एकता’ है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सभी धर्म और मजहब हमें प्रेम, शांति, इंसानियत और आपसी भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश देते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि हमें एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं और आस्थाओं का सम्मान करते हुए समाज में आपसी सद्भाव और सांप्रदायिक एकता को और अधिक मजबूत बनाना चाहिए।
विधायक ने आगे कहा कि कोई भी समाज तभी सशक्त और समृद्ध बनता है जब वहां रहने वाले हर वर्ग, हर समुदाय और हर धर्म के लोगों को समान सम्मान और अपनापन मिले। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनप्रतिनिधि के तौर पर उनका प्रयास हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और लोगों के बीच आपसी विश्वास की डोर को मजबूत करने का रहता है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक अजय सोलंकी ने इस भव्य धार्मिक सम्मेलन के शांतिपूर्ण और सफल संचालन के लिए आयोजन समिति, दिन-रात जुटे सेवादारों तथा दूर-दराज से आए सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


