रिपब्लिक भारत न्यूज़ 20-09-2024
प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा ने वीरवार को संजौली मस्जिद विवाद मामले की रिपोर्ट हाईकमान को दी। कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की अगुवाई में प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से नई दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न स्थानों में रोज हो रहे प्रदर्शनों को लेकर मुस्लिम समुदाय का पक्ष रखा। पार्टी महासचिव ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर ऐसी घटनाएं रोकने को कहा।
सोशल मीडिया में सांसद इमरान ने पोस्ट डालकर लिखा कि केसी वेणुगोपाल ने आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के मोहब्बत के संदेश को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस शासित किसी भी राज्य में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव ने उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदेश में सौहार्द का माहौल बना रहेगा। इकबाल ने कहा कि हिमाचल में सभी धर्म के लोग मिलजुल कर रहते हैं, लेकिन कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर काम कर रहे हैं।
सांसद इमरान ने कहा कि हिमाचल में खास कर एक समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। आए दिन मस्जिदों के बाहर प्रदर्शन किए जा रहे हैं जिससे मुस्लिम समुदाय में डर का माहौल बनाया जा रहा है।