रिपब्लिक भारत न्यूज़ 17-03-2025
पंजाब के बटाला स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार देर सायं हुई लूट की वारदात के दौरान गोलीबारी से हिमाचल के युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। दोनों युवक कांगड़ा के फतेहपुर के रहने वाले थे। पेट्रोल पंप पर देर सायं लूटपाट के इरादे से दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और केवल कुमार से नकदी छीनने के प्रयास में उन्होंने गोली चला दी।
गोली लगने से नगाल निवासी 40 वर्षीय केवल कुमार की मौत हो गई है , जबकि 36 वर्षीय फतेहपुर निवासी हाडा रवि कुमार घायल हो गया है। केवल कुमार का आज पैतृक गांव मे हुआ संस्कार हुआ है।जानकारी के अनुसार केवल कुमार और रवि कुमार पंजाब के बटाला में पेट्रोल पंप पर नौकरी करते थे।
रविवार देर सायं को लूटपाट के इरादे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक केवल कुमार से नकदी की लूटपाट करने की कोशिश करने लगे। छीनाझपटी में लुटेरों ने केवल कुमार पर गोली चला दी, जिससे वह गिर गया। गोली की आवाज सुनकर रवि कुमार बाहर आया, तो उस पर भी गोली चला दी गई। स्थानीय लोग वहां पर आए तथा इस बाबत पेट्रोल पंप मालिक को सूचित किया। पेट्रोल पंप मालिक दोनों को अस्पताल लेकर गया, जहां पर केवल कुमार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि रवि कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज चल रहा है। उसकी हालत को गंभीर देखते हुए अमृतसर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार लुटेरों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पंचायत प्रधान नंगाल रछपाल सिंह ने बताया कि केवल सिंह का सोमवार देर शाम संस्कार कर दिया गया। पांचवी कक्षा में पढ़ाई कर रहे बेटे ने मुखाग्नि दी। पंचायत प्रधान ने प्रशासन से मृतक परिवार की आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।