रिपब्लिक भारत न्यूज़ 13-06-2025
राजधानी शिमला के मशोबरा स्थित बालिका आश्रम में शुक्रवार को एक 19 वर्षीय युवती ने जान दे दी है। मृतक युवती मूल रूप से चंबा जिला की निवासी थी और आश्रम में रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक युवती का शव आश्रम की सीढ़ियों के पास चुन्नी से बने फंदे से लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया में खुद जान देने का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, मौके से किसी प्रकार का नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मृतक युवती कथित रूप से यौन शोषण की पीड़िता थी। पिता पर ही लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगा था। यह मामला इसलिए भी और गंभीर है क्योंकि आश्रम राज्य सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत आता है, जहां बेसहारा बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ घोषित किया गया है।