रिपब्लिक भारत न्यूज़ 20-01-2026
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रहने से दोपहर में मौसम गर्म बना रहा। इस दौरान राजधानी शिमला सहित कुल्लू मनाली में धूप खिली रही। वहीं सोमवार को सेऊबाग में 43 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी देखने को मिली । जबकि मैदानी इलाकों हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी में शीतलहर देखने को मिली । साथ ही बरठीं और ऊना में भीषण शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला ।
राजधानी शिमला और कांगड़ा का न्यूनतम पारा एक समान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि प्रदेश के 22 शहरों में न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस – 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम को लेकर क्या है अलर्ट
मौसम विभाग केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार 21 जनवरी की रात से उत्तर – पश्चिम भारत में एक के बाद एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के आने का पूर्वानुमान है । ऐसे में प्रदेश में 20 जनवरी से 25 जनवरी को ऊंची पहाड़ियों पर एक दो स्थानों पर हल्की बारिश/ बर्फबारी की संभावना जताई गई है । 20 और 21 जनवरी को प्रदेश के कई स्थानों पर मौसम शुष्क बना रहेगा । 22 और 24 जनवरी को राज्य के कई स्थानों पर और 23 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है । साथ ही 24 जनवरी को ऊंची पहाड़ियों के एक दो स्थानों पर भारी बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है । 20 जनवरी को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
