रिपब्लिक भारत न्यूज़ 27-07-2024
स्टेट कैडर में शामिल किए जाने का विरोध कर रहे हिमाचल प्रदेश के पटवारी एवं कानूनगो महांसघ की मांगे जल्द पूरी होने के आसार हैं। दरअसल, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने हिमाचल प्रदेश के पटवारी एवं कानूनगो महांसघ को वार्ता के लिए बुलाया है।
माना जा रहा है कि इस वार्ता के बाद इनकी समस्याओं का हल हो सकता है। यदि इनकी मांगे पूरी होती हैं तो आम लोगों को भी राहत मिलेगी क्योंकि, महासंघ के हड़तापर जाने के बाद लोगों के राजस्व संबंधी काम नहीं हो पा रहे थे।
प्रदेश सचिवालय में कल दोपहर 12 बजे राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की महासंघ के साथ मीटिंग होगी। इससे पहले हिमाचल प्रदेश संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी एवं कानूनगो महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा से भी मुलाक़ात की थी। जिसके बाद सरकार को दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया था।
अब कल की वार्ता के बाद देखना होगा कि सरकार इनके पक्ष में क्या फैसला लेती है।