रिपब्लिक भारत न्यूज़ 06-03-2026
लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता हिमाचल प्रदेश के नए गवर्नर नियुक्त किए गए। हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का गवर्नर बनाया गया है। राष्ट्रपति भवन से इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं, अन्य राज्यों में भी बदलाव हुए हैं।

कविंदर गुप्ता अनुभवी राजनीतिज्ञ हैं। वे जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर और जम्मू के मेयर रह चुके हैं। इसके बाद उन्हें जुलाई 2025 में लद्दाख का उप-राज्यपाल बनाया गया। जम्मू शहर के जानीपुर निवासी 66 वर्षीय कविंद्र गुप्ता निरंतर 3 बार जम्मू के मेयर भी रह चुके हैं। उन्होंने BJP की राज्य इकाई के महासचिव के तौर पर भी काम किया था। इसके अलावा 1993 से 1998 तक वह लगातार दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष भी रहे।
कविंदर गुप्ता साल 2014 के विधानसभा चुनाव में गांधी नगर सीट से पहली बार विधायक चुने गए थे। इसके बाद, उन्हें विधानसभा स्पीकर चुना गया। उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत विश्व हिंदू परिषद के सेक्रेटरी के तौर पर काम करते हुए हुई थी और इमरजेंसी के दौरान करीब 13 महीने वह जेल में भी रहे थे। उन्हें पिछले साल ही लद्दाख का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया था।अब उन्हें हिमाचल के राज्यपाल का जिम्मा दिया गया है।
