रिपब्लिक भारत न्यूज़ 07-03-2026
हिमाचल प्रदेश के ज़िला बिलासपुर में एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विशेष समुदाय के एक 15 वर्षीय किशोर ने बच्ची के साथ गलत हरकत की। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। साथ ही आरोपी के घर के दरवाजों और खिड़कियों में तोड़फोड़ की गई।

जानकारी के मुताबिक बच्ची की मां घर के पास स्थित गौशाला में काम करने गई थी। इसी दौरान आरोपी बच्ची को अकेला देखकर बहला-फुसलाकर घर के साथ लगते खेतों की ओर ले गया। बच्ची के दादा की नजर उन पर पड़ गई। दादा को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से भाग गया। इसके बाद बच्ची रोती हुई घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। मासूम की आपबीती सुनते ही परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। तोड़फोड़ के बाद तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया।
आरोपी को हिरासत में ले उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया । पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पीड़िता का उसके माता-पिता की मौजूदगी में मेडिकल परीक्षण करवाया। वहीं, हिरासत में लिए गए आरोपी का भी मेडिकल करवाया गया है। आरोपी को अब सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की निष्पक्ष जांच कर रहे हैं और तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्ची और उसके माता-पिता के बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
