HRTC की चलती बस में गूंजी किलकारी, गर्भवती ने दिया बच्ची को जन्म

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 14-03-2026

हिमाचल पथ परिवहन निगम की चलती बस में एक गर्भवती ने बच्ची को जन्म दिया।  बस अचानक नवजात की किलकारी सुनकर सभी हैरान रह गए। दरअसल, HRTC बस से अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई हो गई ।   ऐसे में बस में मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए महिला के प्रसव में मदद की ।   गर्भवती ने बस में ही बच्ची को जन्म दिया। बाद में 108 एंबुलेंस की सहायता से महिला और नवजात को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया गया, जहां दोनों की हालत फिलहाल स्वस्थ बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कुंहट–हरिपुरधार–रेणुकाजी–नाहन रूट पर चलने वाली निगम की बस शुक्रवार शाम करीब सात बजे ददाहू से नाहन के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मलगांव के पास गर्भवती महिला सरोज अपने पति और सास के साथ प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन जाने के लिए बस में सवार हुई। परिवार बस की पिछली बड़ी सीट पर बैठ गया।

बताया जा रहा है कि बस जब जमटा से आगे दोसड़का के समीप पहुंची तो महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला के दर्द से कराहने पर बस में मौजूद पुरुष यात्री आगे की सीटों पर चले गए, जबकि कुछ महिलाएं उसकी मदद के लिए पीछे पहुंच गईं। स्थिति इतनी तेजी से बदली कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने बस में ही बच्ची को जन्म दे दिया।

घटना के बाद बस में सवार एक यात्री ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जबकि बस चालक ने भी बस को तेजी से नाहन की ओर बढ़ाया। बनोग के समीप 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और जच्चा व नवजात को एंबुलेंस में शिफ्ट कर मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *