रिटायर्ड फौजी ने पोते पर चलाई गोली, गंभीर रूप से घायल PGI रेफर

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 23-03-2026

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ बल्ह उपमंडल के लोहारा गांव में देर रात रिटायर्ड फौजी ने अपने ही पोते को गोली मार दी। जिसे  गंभीर अवस्था में  पहले नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहाँ से उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस को दी शिकायत में घायल की माँ मनीषा चौधरी (30) ने अपने रिटायर्ड फौजी ससुर बहादुर सिंह के बारे में बताया कि उनके ससुर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। वह अक्सर शराब पीकर उनके साथ लड़ाई-झगड़ा करते रहते हैं। रविवार रात को भी नशे में धुत होकर उन्होंने उनके साथ झगड़ा किया। मनीषा और उनके पति ने अपने ससुर को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह गालियां देते रहे और मनीषा पर बंदूक तान दी। शोर सुनकर मनीषा के जेठ जसबिंदर सिंह का बेटा उमेश चौधरी उन्हें छुड़ाने के लिए मौके पर आया।
इस दौरान बहादुर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से मनीषा पर फायर किया, लेकिन गोली उमेश चौधरी को लगी। इसके बाद मनीषा और उनके पति भूपेंद्र सिंह ने बहादुर सिंह से बंदूक छीनकर एक तरफ फेंक दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिनकी मदद से उमेश चौधरी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया गया। घटना के बाद गुस्साए परिवार के सदस्यों ने फौजी की पिटाई कर दी, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आईं। बहादुर सिंह का इलाज भी एम्स बिलासपुर में चल रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *