पांवटा साहिब में 214 ग्राम चरस के साथ दबोचे दो नशा तस्कर , मोटरसाइकिल भी जब्त

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 20-05-2026

सिरमौर जिला  पुलिस की पांवटा साहिब में तैनात स्पेशल डिटेक्शन टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मुस्तैदी दिखाते हुए दो युवकों को 214 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक यह कामयाबी बीते रात को मिली, जब स्पेशल डिटेक्शन टीम रामपुरघाट स्थित शराब ठेके के पास गश्त और चेकिंग पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूत्रों से पक्की सूचना मिली कि गोंदपुर की तरफ से एक मोटरसाइकिल नंबर- UP31CC2151  आ रही है, जिस पर सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में चरस की खेप लेकर जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए रामपुरघाट शराब ठेके के समीप तुरंत नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में बताए गए नंबर की मोटरसाइकिल वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ के दौरान बाइक चालक ने अपना नाम उबेद उम्र  22 वर्ष  पुत्र शहीद, निवासी गांव पश्चिमी लकपेड़ा, डाकघर व तहसील मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी  उत्तर प्रदेश  बताया। वहीं, मोटरसाइकिल के पीछे बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपनी पहचान असलम उम्र 26 वर्ष, पुत्र इसरार, निवासी मोहल्ला घुटईयाबाद, तहसील व जिला लखीमपुर खीरी  उत्तर प्रदेश  के रूप में दी।

जब पुलिस टीम ने शक के आधार पर मोटरसाइकिल UP31CC2151 की गहनता से तलाशी ली, तो बाइक के हैंडल में लटकाए गए एक लिफाफे के अंदर से बत्तीनुमा 214 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने  मामले की पुष्टि करते हुए  बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह चरस कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की आगामी तफ्तीश लगातार जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *