रिपब्लिक भारत न्यूज़ 01-06-2026

पांवटा साहिब के आदर्श कॉलोनी स्थित जमनीवाला रोड पर खेड़ा मंदिर के सामने सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। सड़क पर पड़े बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में यहां कई दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जबकि रात के समय स्थिति और भी अधिक खतरनाक हो जाती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब इस सड़क की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
क्षेत्रवासियों ने जनहित में प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क की मरम्मत करवाने तथा लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की है।
