मानसून से पहले ही हिमाचल में बारिश का तांडव, शिमला शहर में भीषण लैंडस्लाइड, किन्नौर में चट्टान गिरने से एक की मौत 

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 18-06-2026

हिमाचल प्रदेश में मानसून आने से पहले ही भारी तबाही दिखने को मिलने लगी है।  गुरुवार को शिमला में  ढली बाईपास पर अचानक भरभरा कर पहाड़ गिरा।  इससे ढली संजौली बाईपास पर वाहनों की आवाजाही ठप्प हो गई।

कहा जा रहा है कि ढली-संजौली बाईपास मार्ग पर भारी भूस्खलन होने के कारण सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा आ गया, जिससे यह मार्ग दोनों तरफ से यातायात के लिए बंद हो गया है।  मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य संबंधित विभाग की ओर से लगातार किया जा रहा है।
मार्ग बंद होने के कारण इस सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को असुविधा हो रही है।  पुलिस की ओर से कहा गया है कि सभी लोगों से अनुरोध है कि वे फिलहाल धल्ली-संजौली बाईपास मार्ग का उपयोग न करें।  अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गों के अनुसार बनाएं।  मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।  मार्ग खुलते ही इसकी सूचना तुरंत साझा की जाएगी।

वहीं दूसरी तरफ किन्नौर में पहाड़ी से अचानक विशाल चट्टानें गिरने से बड़ा हादसा हो गया।  घटना कल्पा रोघी गांव की है।  इस दर्दनाक घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई मकानों, निजी संपत्तियों और सेब के बगीचों को भारी नुकसान पहुंचा है।  घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।  प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है. ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं पुनर्वास सहायता प्रदान करने की मांग की है।  ग्रामीणों की मांग है कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण करवाकर स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किया जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *