रिपब्लिक भारत न्यूज़ 04-08-2026
हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने शोघी के पास एक गुप्त और सुनियोजित नाके बंदी के दौरान 1.120 किलोग्राम अति-दुर्लभ (हाई-ग्रेड) हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी सिंडिकेट के एक मुख्य तस्कर को मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ASP मेहर पंवर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य से शिमला शहर के लिए नशे की एक बहुत बड़ी खेप लाई जा रही है।सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शोघी बॉर्डर के पास नाकेबंदी की और आरोपी विजय कुमार (22 वर्ष), निवासी नारायणगढ़ (जिला अंबाला, हरियाणा) को धर दबोचा। आरोपी यह भारी खेप शिमला के तारा देवी क्षेत्र में अपने स्थानीय संपर्कों (लोकल डिलीवरी नेटवर्क) को सौंपने की फिराक में था। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से पूरी डिलीवरी फेल हो गई।
ASP मेहर पंवर ने बताया कि वर्ष 2026 में शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। जिसमें बड़े और मुख्य सप्लायरों की सीधी गिरफ्तारी, बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की पूरी चेन का पर्दाफाश, तस्करों की वित्तीय जांच और अवैध संपत्तियों को जब्त करना शामिल है। शोघी बॉर्डर पर हुई 1.120 किलोग्राम हेरोइन की यह ताजा जब्ती हिमाचल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ छेड़ी गई जंग की सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है।
