सीमा पार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े पांच आरोपी गिरफ्तार, 21 किलो हेरोइन, 970 ग्राम आईस और एक पिस्तौल बरामद: डीजीपी गौरव यादव

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 08-08-2026

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त राज्य बनाने के अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से संचालित नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21.299 किलोग्राम हेरोइन, 970 ग्राम आईस (मेथामफेटामाइन), एक अवैध .30 बोर पिस्तौल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन उर्फ डिश्का (23) और जसपिंदर सिंह (25) निवासी गांव निकोसरां, जिला गुरदासपुर; सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख (30) निवासी अड्डा जैंतीपुर, जिला अमृतसर (ग्रामीण); अभिषेक सभरवाल उर्फ अभि (25) निवासी शर्मा कॉलोनी, अमृतसर तथा मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू (26) निवासी गांव छननके, जिला अमृतसर (ग्रामीण) के रूप में हुई है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी का विदेश में बैठे एक तस्कर के साथ सीधा संपर्क था। यही विदेशी तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी कराकर उन्हें आगे सप्लाई करवाता था। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी संबंधों का पता लगाने तथा सीमा पार बैठे हैंडलरों से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।
कार्रवाई संबंधी जानकारी साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने सबसे पहले गगन उर्फ डिश्का और जसपिंदर सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 1.01 किलोग्राम हेरोइन और 970 ग्राम आईस (मेथामफेटामाइन) भी बरामद की।

आगे की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अन्य साथियों की संलिप्तता का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुखप्रीत उर्फ सुख, अभिषेक सभरवाल उर्फ अभि और मनप्रीत उर्फ मन्नू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि सुखप्रीत उर्फ सुख आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में थाना एयरपोर्ट, अमृतसर में एफआईआर संख्या 24, दिनांक 29.07.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(6,7,8) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी, 22-सी और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

कुमार सोनी, अमृतसर

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *