सीमा पार तस्करी नेटवर्क से जुड़े सात आरोपी गिरफ्तार, 10 पिस्तौल, 1.054 किलो हेरोइन व ड्रोन बरामद-डीजीपी गौरव यादव

विदेश में बैठे तस्कर सीमा पार से अवैध हथियारों और हेरोइन की सप्लाई करवा रहे थे: सीपी अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 11-08-2026

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित एवं नशामुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो प्रमुख नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध पिस्तौल, 1.054 किलो हेरोइन और एक ड्रोन बरामद किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ भुल्लर (28) निवासी गांव राजोके, तरनतारन, वर्तमान निवासी गुमटाला, अमृतसर; हुसनप्रीत सिंह (21) निवासी गांव मेहदीपुर, वर्तमान निवासी गांव ढोल्लां, तरनतारन; अहमद राजा (21) निवासी सुल्तानविंड रोड, अमृतसर; जगसीर सिंह उर्फ बॉबी (26) निवासी मोहल्ला तक्षत्री, तरनतारन; नवदीप सिंह (20) निवासी अटारी, अमृतसर ग्रामीण; अनमोलदीप सिंह (19) निवासी रोरावाली, अमृतसर ग्रामीण; तथा मंजींदर सिंह उर्फ मंगा (37) निवासी फतेहपुर, अमृतसर के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में एक .30 बोर जिगाना पिस्तौल (तुर्किये निर्मित), एक 9 एमएम ग्लॉक (ऑस्ट्रिया निर्मित), एक 9 एमएम पीएक्स5, दो .30 बोर पिस्तौल (चीन निर्मित), दो .30 बोर स्टार मार्क, एक .30 बोर पिस्तौल, एक ग्लॉक 9 एमएम और एक .30 बोर पीएक्स3 शामिल हैं। इसके अलावा पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।


डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से अवैध हथियारों और हेरोइन की सप्लाई करवाने में मदद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाया जा सके तथा विदेश में बैठे हैंडलरों से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सीमा पार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने सबसे पहले कुलदीप सिंह उर्फ भुल्लर और हुसनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि लगातार पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क में शामिल अपने साथियों के बारे में जानकारी दी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अहमद राजा और जगसीर सिंह उर्फ बॉबी को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से पांच और अवैध पिस्तौल तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

सीपी ने बताया कि जांच के अनुसार ये हथियार कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते एक विरोधी गैंग के सदस्य को निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने थे। उन्होंने बताया कि आरोपी अहमद राजा पहले भी हत्या, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। एक अन्य कार्रवाई का विवरण देते हुए सीपी हरमनबीर गिल ने बताया कि पुलिस ने पहले नवदीप सिंह और अनमोलदीप सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.054 किलो हेरोइन बरामद की।

आगे की जांच और लगातार पूछताछ के दौरान पुलिस ने तीन अत्याधुनिक पिस्तौल और एक ड्रोन भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार इस ड्रोन का इस्तेमाल सीमा पार उड़ानें भरने के लिए किया जाता था। इस मामले में मंजींदर सिंह उर्फ मंगा को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में अमृतसर में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें एफआईआर नंबर 142, दिनांक 03.08.2026, थाना कैंटोनमेंट में आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(6,7,8) के तहत तथा एफआईआर नंबर 134, दिनांक 05.08.2026, थाना डी-डिवीजन में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21-बी, 21-सी और 29, आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) तथा एयरक्राफ्ट एक्ट की धाराओं 10, 11 और 12 के तहत दर्ज की गई है।

कुमार सोनी, चंडीगढ़/अमृतसर

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *