बड़ी खुशखबरी: हिमाचल के 6 मेडिकल कॉलेजों में 320 पीजी सीटों को मंजूरी, केंद्र देगी 415 करोड़ रुपये

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 24-10-2026

हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने  एक ऐतिहासिक सौगात की घोषणा की है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) मेडिकल सीटों के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए केंद्र सरकार की ओर से लगभग 415 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा।

मेडिकल कॉलेजों को मिली सीटों का विवरण

आईजीएमसी शिमला: 91 सीटें

डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा: 57 सीटें

मेडिकल कॉलेज हमीरपुर: 57 सीटें

मेडिकल कॉलेज नेरचौक (मंडी): 55 सीटें

मेडिकल कॉलेज नाहन: 32 सीटें

मेडिकल कॉलेज चंबा: 28 सीटें

नड्डा ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव पर बेहद तेज गति से निर्णय लिया है। हिमाचल प्रदेश सरकार से यह प्रस्ताव 23 जून को प्राप्त हुआ था और 6 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह के दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस पर चर्चा की थी, जिसके बाद अब इसे मंजूरी दे दी गई है।

इन नई सीटों के जुड़ने से सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, कैंसर और अन्य महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। इससे प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और आम जनता को अपने घर के नजदीक ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।

केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि वह इन 320 सीटों के समयबद्ध सृजन के लिए सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करे। इसके साथ ही, उन्होंने चंडीगढ़-बद्दी और भानुपल्ली-बिलासपुर रेल परियोजनाओं के साथ-साथ क्रिटिकल केयर ब्लॉकों और जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की भी अपील की है ताकि जनहित से जुड़ी योजनाओं में कोई देरी न हो।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *