रिपब्लिक भारत न्यूज़ 25-10-2026
उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज पांवटा साहिब में आयोजित राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।


इससे पहले उद्योग मंत्री यमुना घाट पर आयोजित यमुना आरती में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि पांवटा साहिब धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक महत्व और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यमुना नदी के किनारे बसे इस शहर का गुरु गोबिंद सिंह जी से गहरा ऐतिहासिक संबंध है। हिमाचल प्रदेश के साथ उत्तराखंड और हरियाणा की सीमा से सटे होने के कारण यहां विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति और परंपराओं का सुंदर मेल देखने को मिलता है।

उन्होंने कहा कि यमुना शरद महोत्सव जैसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति और पुरानी परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मेलों से लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलता है। साथ ही, ये आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और लोक संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और विरासत को सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी परंपराओं पर गर्व कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों की पुरानी पैंशन बहाल की गई, जिससे प्रदेश के लगभग 1.36 लाख कर्मचारियों को सीधा लाभ पहुंचा है, जिससे कमर्चारियों एवं उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित हुआ है।
उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में सरकार द्वारा कर्मचारियों तथा पेंशनरों को 5% डीए जारी किया जिसके लिए उन्होंने कमर्चारियों तथा पेंशनरों की और से प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का विकास उनका लक्ष्य है जिसके लिए वह हमेशा प्रयासरत हैं।

इस अवसर पर एसडीएम पाँवटा साहिब द्विज गोयल ने टोपी शॉल व स्मृति चिन्ह भेंटकर मुख्यातिथि को सम्मानित किया। मुख्यातिथि द्वारा यमुना शरद महोत्सव की स्मृतियों को संजोए रखने के लिए प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

इस दौरान एसडीएम कांगड़ा अंजली गर्ग, एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार, निदेशक जोगिंद्रा बैंक असगर अली, निदेशक एचपी एसआईडीसी रमेश देसाईक, निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति निगम नसीमा बेगम, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांवटा हरप्रीत सिंह रतन तथा शिलाई ब्लॉक से कल्याण धामटा, नगर परिषद की चेयरपर्सन निर्मल कौर, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मीक्का, अश्विनी शर्मा, अवनीत सिंह लांबा, तपेन्द्र सैनी, ओएसडी अत्तर राणा, महाप्रबंधक उद्योग रचित शर्मा, तहसीलदार मस्त राम शर्मा, ईओएमसी कंचन बाला, अध्यक्ष हिमोत्कर्ष राजेंद्र तिवारी तथा नगर परिषद के पार्षदों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
