रिपब्लिक भारत न्यूज़ 26-10-2026
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘वाल्मीकि आवास योजना’की शुरुआत की है। इस योजना के तहत राज्य के आवासहीन और आर्थिक रूप से कमजोर वाल्मीकि परिवारों को नया मकान बनाने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर शिमला स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर (कृष्णा नगर) में माथा टेकने पहुंचे सीएम ने समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।


मुख्य बातें और पात्रता
इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को अपनी जमीन पर मकान का निर्माण करने के लिए सरकार द्वारा ₹3 लाख दिए जाएंगे। योजना का लाभ उठाने के लिए परिवार की वार्षिक आय ₹2.50 लाख से कम होनी अनिवार्य है।लाभार्थी के पास मकान निर्माण के लिए अपनी स्वयं की भूमि होनी चाहिए।
कृष्णा नगर के निवासियों के लिए विशेष सर्वे और घोषणाएं
शिमला के कृष्णा नगर में वर्षों से रह रहे वाल्मीकि समाज के सैकड़ों परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए सीएम ने एक विशेष योजना बनाने का निर्णय लिया है। कृष्णा नगर में दादा-परदादा के समय से रह रहे परिवारों की गिनती व गणना की जाएगी, जिसे पूरी करने का लक्ष्य 28 नवंबर तक रखा गया है। इसके बाद धरातल पर योजना लागू की जाएगी। सीएम ने कृष्णा नगर स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के विकास के लिए ₹25 लाख देने की घोषणा की।
सामाजिक समरसता का संदेश
सीएम ने कहा महर्षि वाल्मीकि का जीवन हमें सिखाता है कि इंसान अपने कर्मों और विचारों से महान बनता है। उनके आदर्श समाज को सच्चाई, ज्ञान और अच्छे कर्मों के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं। सीएम ने महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को याद करते हुए लोगों से उनके विचारों को जीवन में अपनाने और समाज में प्रेम, समानता तथा आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने की अपील की।
