अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 17-11-2026

 

आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘उलगुलान’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, लोककलाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मान सिंह जी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पंचायत समिति उपाध्यक्ष, पांगी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी जी, राष्ट्रीय महामंत्री, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति के रूप में डॉ. चंद्र मोहन परशीरा जी, डायरेक्टर, ट्राइबल स्टडीज, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री इंद्र सेन नेगी जी, जिला परिषद सदस्य, किन्नौर एवं पूर्व इकाई मंत्री, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा की गई।

कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश की विविध जनजातीय एवं लोक संस्कृतियों की मनमोहक झलक देखने को मिली। इसमें शिमला नाटी, कुल्लवी नाटी, किन्नौरी नाटी, गदयाली नाटी, सिरमौरी नाटी एवं लाहौली नाटी सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं समाज के विभिन्न पहलुओं को दर्शाते हुए एक प्रभावशाली नाटक का भी मंचन किया गया। सभी प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता एवं एकता का सुंदर संदेश दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान बिरसा मुंडा जी के संघर्ष, बलिदान एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज भारत की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है। उनकी परंपराओं, लोककलाओं और जीवन मूल्यों का संरक्षण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को अपनी संस्कृति और इतिहास से परिचित करवाने के साथ-साथ समाज में एकता एवं सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में 400 से अधिक लोगों की सहभागिता रही। विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कार्यक्रम ‘उलगुलान’ के माध्यम से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक एवं जनजातीय संस्कृति को एक मंच प्रदान करने का सराहनीय प्रयास किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *