हर्षवर्धन चौहान ने राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव की तीसरी संध्या का किया विधिवत शुभारंभ

प्रदेश में मजबूत सरकार आत्म निर्भर प्रदेश बनाने की ओर अग्रसर

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 16-10-2024

उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज पांवटा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव की तीसरी संध्या में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

उद्योग मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर तीसरी सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ किया। इस से पूर्व उन्होंने यमुना घाट पर यमुना आरती में भाग लिया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण भी किया।


इस अवसर पर जनसमूह को सम्बोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि पांवटा साहिब प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के महत्वपूर्ण धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थानों में से एक है। कल-कल बहती यमुना नदी के किनारे बसा यह सुंदर शहर गुरु गोविंद सिंह के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। उत्तराखंड और हरियाणा के साथ सटे इस क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं में एक अदभुत विविधता और विभिन्न संस्कृतियों का समावेश देखने को मिलता है।


उन्होंने कहा कि सदियों से धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों के केंद्र रहे पांवटा साहिब में यमुना शरद् महोत्सव मनाने की परंपरा से यहां की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन को बल मिला है। ऐसे आयोजनों से सौहार्द एवं आपसी भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी सुदृढ़ समाज की नींव उसकी समृद्ध संस्कृति पर ही निर्भर करती है। मेलों व त्यौहारों के माध्यम से जहां हमें अपने रीति-रिवाजों व परम्पराओं को संजोए रखने का मौका मिलता है, वहीं भावी पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति को देखने व जानने का मौका मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में मजबूत सरकार है और निरन्तर आत्मनिर्भर प्रदेश की तरफ अग्रसर है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पहली गारंटी के रूप में 1 लाख 36 हज़ार कर्मचारियों को ओपीएस का तोहफा दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पांवटा साहिब में ट्रॉमा सेंटर के लिए 25 करोड़ स्वीकृत किए है ताकि क्षेत्र के लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि क्षेत्र में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हों ताकि प्रदेश के विकास के साथ साथ क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिल सके।उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील भी की।

उन्होंने राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव की स्मृतियों को संजोए रखने के लिए प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने वॉइस ऑफ सिरमौर 2024 के विजेता समीर को ट्रॉफी भेंट की।

इस अवसर पर एसडीएम पाँवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने टोपी शॉल व स्मृति चिन्ह भेंटकर मुख्यातिथि को सम्मानित किया।
इस दौरान अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांवटा अश्विनी शर्मा, निदेशक जोगिंद्रा बैंक असगर अली, निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति निगम नसीमा बेगम, कार्यकारी अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांवटा साहिब अवनीत सिंह लांबा, एसडीपीओ अदिति सिंह, तहसीलदार ऋषभ शर्मा, नगर परिषद की चेयरपर्सन निर्मल कौर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, नगर परिषद के पार्षदों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *