रिपब्लिक भारत न्यूज़ 23-02-2026
विदेश जाकर अच्छी नौकरी की चाह रखने वाले कई लोग धोखाधड़ी के भी शिकार हो जाते हैं। शिमला पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है।
विदेश भेजने के लिए वीजा बनाने के नाम पर महिला ने शिमला निवासी महिला से 25 लाख की धोखाधड़ी की थी। शिमला पुलिस थाना में शिकायत करने के बाद पुलिस ने चंडीगढ़ के पास खरड़ में दबिश दी और आरोपी महिला मंजू कुमारी को गिरफ्तार किया।
एसपी गौरव सिंह के अनुसार पुलिस थाना बालुगंज दर्ज मामले में शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसकी बहन भावना से कनाडा का वीजा लगाने के लिए आरोपियों ने लगभग 25,00,000 रुपए की राशि की धोखाधड़ी की है।
मामला दर्ज होने के बाद जांच के दौरान पंजाब और हरियाणा में आरोपियों की तलाश के लिए टीमें भेजी गई। सम्भावित ठिकानों पर दबिश की गई, लेकिन आरोपी जानबूझ कर अपने मोबाईल फोन की सिम बदल रहे थे और व्हाट्स ऐप कॉल का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद टीम ने खरड़ में दबिश देकर एक फ्लैट से आरोपी मंजू कुमारी को गिरफ्तार किया है।
