स्कूल देरी से पहुंचने पर अध्यापक निलंबित, वायरल वीडियो के बाद गिरी गाज

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 16-11-2026

सिरमौर जिला के शिक्षा खंड सतौन के अंतर्गत आने वाली राजकीय प्राथमिक पाठशाला परवा लवागो में अध्यापक के समय पर स्कूल  न पहुंचने के मामले में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दरअसल, 13 नवंबर को सोशल मीडिया और विभिन्न न्यूज़ चैनलों के माध्यम से यह मामला सामने आया था कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला परवा लवागो में अध्यापक समय पर स्कूल नहीं पहुंचे हैं। वायरल वीडियो में स्थानीय ग्रामीण और अभिभावक इस लापरवाही के प्रति अपना विरोध जताते हुए देखे गए थे। इसके अतिरिक्त, इस संदर्भ में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन पर भी दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई गई थीं।

प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस पाठशाला में कुल दो अध्यापक कार्यरत हैं। पहले अध्यापक घटना वाले दिन खंड स्तरीय बाल मेले में भाग लेने के लिए सतौन गए हुए थे, वहीं दूसरे अध्यापक पर ग्रामीणों और अभिभावकों द्वारा पाठशाला में देरी से पहुंचने का गंभीर आरोप लगाया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी से तत्काल रिपोर्ट तलब की गई। रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई करते हुए आरोपी अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उक्त अध्यापक का मुख्यालय शिक्षा खंड प्रारंभिक कार्यालय, रोनहाट निर्धारित किया गया है।

उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए एक जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। जांच अधिकारी से फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगामी नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *